पीबीएम अस्पताल में चोरी:छत से कूदकर भागने लगा युवक
तहलका न्यूज,बीकानेर।आमतौर पर विवादों में रहने वाले पीबीएम अस्पताल में अब सुरक्षा व्यवस्था भी कटघरे

तहलका न्यूज,बीकानेर।आमतौर पर विवादों में रहने वाले पीबीएम अस्पताल में अब सुरक्षा व्यवस्था भी कटघरे में है।जहां सुरक्षा एजेन्सी द्वारा 200 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात है।उसके बाद भी कभी रोगियों की जेबतराशी की वारदातें सामने आ रही है तो कभी वाहन चोरी की।अब एक ऐसी घटना सामने आई है।जिसमेंं एक चोर अस्पताल की छत्त पर कॉपर पाइप चोरी करता रंगे हाथों पकड़ा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोस्ट कोविड वार्ड की छत पर तैनात गार्ड की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी,जो कॉपर पाइप निकाल रहा था।गार्ड के शोर मचाते ही युवक छत से नीचे कूद गया और भागने लगा।इसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों ने उसका पीछा किया।युवक भागते-भागते ट्रॉमा सेंटर तक पहुंच गया,जहां अधीक्षक डॉ.बी.सी.घीया के निर्देश पर कर्मचारियों और स्टाफ ने उसे घेरकर पकड़ लिया।सूत्रों के अनुसार पकड़े जाने के बाद युवक अपना नाम-पता बताने से बचता रहा।इतना ही नहीं,उसने कर्मचारियों को चाकू मारने की धमकी भी दी,जिससे कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस को भी अवगत कराया गया।अस्पताल कर्मचारियों का दावा है कि पकड़ा गया युवक पिछले करीब एक सप्ताह से पीबीएम अस्पताल के अलग-अलग हिस्सों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।आशंका है कि अस्पताल से लोहे,कॉपर और अन्य कीमती सामान की चोरी के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है।कर्मचारियों का कहना है कि यदि पुलिस इस युवक से गहन पूछताछ करे तो अस्पताल में लंबे समय से हो रही चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हो सकता है।वहीं,यदि मामले में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो अस्पताल में सक्रिय चोरों के हौसले और बुलंद होने की आशंका है।
ताज़ा खबरों के लिए हमसे जुड़ें
हमारे चैनल से जुड़ें और सभी अपडेट सबसे पहले पाएं